जोधपुर जिले के पंचायत चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। पहले चरण के नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इधर, भाजपा ने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के दावेदारों के आवेदन लेना शुरू कर दिया है। इस बार भाजपा इन पंचायत चुनावों में कार्यकर्ता की भागीदारी के साथ उससे ये भी पूछ रही है कि टिकट मिला तो जीत और जातिगत समीकरण क्या रहेगा। इतना ही नहीं फिल्ड के साथ उसकी सोशल इंजीनियरिंग पर कितनी पकड़ है ये भी दावेदारों से पूछा जा रहा है। इसके अलावा 10 अक्टूबर तक भाजपा संगठन को तीन-तीन नामों का पैनल भी भेजने की तैयारी कर रही है। आवेदन फॉर्म में पूछ रहे हैं राजनीतिक बैकग्राउंड के साथ जीत के क्या समीकरण भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार दावेदारों से बेसिक जानकारी के साथ ये भी पूछा जा रहा है कि उनके जीत और जातिगत समीकरण क्या है। यानी जिस वार्ड से वह टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं और टिकट मिल जाता है तो उनकी जीत के क्या समीकरण रहेंगे, कैसे वे जीत हासिल करेंगे। इसके अलावा उस वार्ड में जातिगत समीकरण क्या है। मतलब वार्ड में किन वर्ग के वोटर कितने-कितने हैं और उनके बीच उनकी क्या पकड़ है। इसके अलावा ये भी पूछा जा रहा है कि परिवार से कोई राजनीति में पहले से है, यदि है तो पहले कभी चुनाव लड़ा या नहीं या फिर पहली बार लड़ रहे हैं। पंचायत चुनाव में इस बार सोशल इंजीनियरिंग पर फोकस भाजपा इस बार दावेदारों की सोशल इंजीनियरिंग को भी देख रही है। यानी जिस वार्ड से दावेदारी पेश की जा रही है वहां और आस-पास में उसकी लोगों के बीच कितनी पकड़ है। संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के समाज और आस-पास के क्षेत्रों में उसकी पकड़ कितनी मजबूत है। बिना चुनावों के लोगों के बीच कितने एक्टिव हैं और लोगों के साथ ही ग्राउंड कनेक्ट कितना है। पहले चरण के दावेदारों के पैनल 10 अक्टूबर तक भेजेंगे जयपुर भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि आवेदन लेना शुरू हो गए हैं। अभी जिले में पहले चरण में जिन 6 पंचायत समिति में चुनाव हो रहे हैं, उनके दावेदारों के आवेदन लिए जा रहे हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के तीन-तीन नाम के पैनल तैयार होंग। ये पैनल 10 अक्टूबर तक पूरे होने के बाद इन्हें संगठन को जयपुर भेज जाएंगे। इसके बाद संगठन स्तर पर ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होगी। पहले और दूसरे चरण में इन पंचायत समिति के होंगे चुनाव पहले चरण में शेरगढ़, चाबा, आगोलाई, चामू, सेखाला और बालेसर के जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ पंच/सरपंच के चुनाव होंगे। वहीं दूसरे चरण में ओसियां, सामराऊ, तिंवरी, उम्मेदनगर, बावड़ी, हतुंडी, भोपालगढ़, आसोप, पीपाड़ सिटी, सालावा खुर्द, मंडोर, लूणी, धवा, बिलाड़ा, कापरड़ा, केरू और झंवर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ पंच/सरपंच के चुनाव होंगे। रिजल्ट वोटिंग के दिन ही आएगा पंच/सरपंच के चुनाव का रिजल्ट वोटिंग के दिन ही आ जाएगा। वहीं पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य के चुनाव परिणाम देवउठनी एकादशी के दिन 20 नवंबर को आएगा। जिला प्रमुख के चुनाव 25 नवंबर और प्रधान के चुनाव 27 नवंबर को होंगे।