उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कुचामन सिटी-नया खारड़िया और उम्मेद-खारिया खंगार के मध्य ब्रिजों पर गर्डर लॉन्चिंग कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इस कारण रेलवे ने शनिवार को मरुधर, भोपाल और लीलण एक्सप्रेस के मार्ग में बदलाव किया है। मरुधर और भोपाल एक्सप्रेस पाली मारवाड़-अजमेर के रास्ते चलेंगी, जबकि लीलण एक्सप्रेस बीकानेर-रतनगढ़-चूरू होकर संचालित होगी। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के बदले मार्ग और ठहराव की जानकारी जांचने की सलाह दी गई है। हालांकि, निर्धारित मार्ग के कुछ स्टेशनों पर इन ट्रेनों के ठहराव नहीं होंगे। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि कार्य के चलते रेल यातायात के सुचारू संचालन के लिए ट्रेनों के मार्ग में 1 ट्रिप के लिए अस्थायी बदलाव किया गया है। इसी तकनीकी कार्य के चलते ट्रेन संख्या 14854 जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस और 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग जोधपुर-मारवाड़ जंक्शन-अजमेर-फुलेरा होकर संचालित होंगी। दोनों ट्रेनों का परिवर्तित मार्ग में लूनी,पाली मारवाड़,मारवाड़ जंक्शन,ब्यावर,अजमेर और किशनगढ़ स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। इन स्टेशन पर नहीं होगा ठहराव मार्ग परिवर्तन के कारण दोनों ट्रेनों के निर्धारित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव नहीं होंगे। इनमें राईका बाग,गोटन,मेड़ता रोड,रेन,डेगाना,मकराना,कुचामन सिटी,नावां सिटी और सांभर लेक सहित संबंधित मार्ग के अन्य स्टेशन शामिल हैं। भोपाल एक्सप्रेस के मामले में भी जोधपुर कैंट,बनाड़,जाजीवाल,आसरानाडा,पीपाड़ रोड,उम्मेद,खारिया खंगार,जोगी मगरा,जालसू, गच्छीपुरा,बेसरोली,बोरावड़,नया खारड़िया और गुढ़ा सहित अतिरिक्त स्टेशनों पर भी ठहराव नहीं होगा। लीलण सुपरफास्ट का भी बदलेगा मार्ग इसी कार्य के कारण ट्रेन संख्या 12467 जैसलमेर-जयपुर लीलण एक्सप्रेस सुपरफास्ट 3 अक्टूबर को जैसलमेर से रवाना होकर परिवर्तित मार्ग बीकानेर-रतनगढ़-चूरू-जयपुर होकर संचालित होगी। इस दौरान श्रीडूंगरगढ़,रतनगढ़,चूरू,सीकर,रींगस और जयपुर स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। वहीं देशनोक,नोखा,नागौर,मारवाड़ मूंडवा,मेड़ता रोड बाईपास केबिन,रेन,डेगाना,गच्छीपुरा,मकराना,कुचामन सिटी,नावां सिटी,सांभर लेक,फुलेरा,आसलपुर जोबनेर और कनकपुरा स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।