कैलादेवी वन रेंज में शुक्रवार से वन्यजीव सप्ताह 2026 शुरू हो गया है। 2 से 8 अक्टूबर तक चलने वाले इस सप्ताह के पहले दिन स्काउट-गाइड और वन विभाग की टीम ने जागरूकता रैली निकाली। लोगों को वन्यजीव संरक्षण व पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम उप वन संरक्षक रणथम्भौर टाइगर रिजर्व द्वितीय, करौली की देखरेख और क्षेत्रीय वन अधिकारी कैलादेवी दशरथ सिंह की अगुवाई में हुआ। थीम ‘जुड़े आवास, वन्यजीवन का विकास’ है। शुरुआत में हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स राजस्थान के स्काउट्स को वन्यजीव संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और स्काउट-गाइड ने कैलादेवी कस्बे में रैली निकाली। इसमें वन्यजीवों की अहमियत और पर्यावरण संतुलन का संदेश दिया गया। रैली के बाद वन भ्रमण, स्वच्छता अभियान और जैव विविधता पर समाजशास्त्री बृजभूषण शर्मा ने जानकारी दी। सहायक वनपाल चंद्रवीर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, चंद्रप्रताप सिंह, ऋषि मीणा समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।