करौली के धांधू रेत की डांग क्षेत्र में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से पुजारी छोटेलाल शर्मा (60) की मौत हो गई। वे पूजा-पाठ के साथ-साथ जंगल से जड़ी-बूटियां लाकर लोगों का निःशुल्क इलाज भी करते थे। जानकारी के अनुसार छोटेलाल शर्मा करसाई गांव के निवासी थे। वे धांधू रेत स्थित ठाकुरजी मंदिर और हनुमान मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते थे। इसके अलावा वे पशुपालन से अपना जीवनयापन करते थे। मंगलवार को वे धांधू रेत ठाकुरजी मंदिर में पूजा करने गए थे। पूजा के बाद उन्होंने पास के हनुमान मंदिर में भी अर्चना की। इसके उपरांत वे औषधीय जड़ी-बूटियां एकत्र करने के लिए जंगल की ओर चले गए। दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम में बदलाव आया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली उन पर गिरी, जिससे वे मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े और उनकी मृत्यु हो गई। पास में मौजूद चरवाहों ने उन्हें देखा और आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। शव को करसाई लाया गया, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।