करौली में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई। इस जिला स्तरीय अभियान की शुरुआत राजकीय बालिका स्कूल, वजीरपुर गेट पर हुई। यहां सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीना ने बालिकाओं को कृमिनाशक दवा खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए चिकित्सा संस्थानों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और संबंधित विभागों के साथ मिलकर तैयारियां की हैं, जो बच्चे दवा लेने से छूट जाएंगे, उन्हें मॉप-अप दिवस पर खुराक दी जाएगी। सीएमएचओ डॉ. सतीश चंद मीना ने बताया कि कृमि संक्रमण से बच्चों में कमजोरी, पेट दर्द, भूख कम लगना और खून की कमी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। यह संक्रमण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी बुरा असर डालता है। इसलिए नियमित रूप से कृमिनाशक दवा लेना बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य और पोषण के लिए जरूरी है। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के अनुसार तय उम्र के बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की खुराक दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने कृमि संक्रमण से बचाव के लिए कुछ सलाह भी दी है। इसमें शौच के बाद और खाना खाने से पहले साबुन से हाथ धोना, साफ पानी पीना और खुले में शौच न करना शामिल है। साथ ही, फल और सब्जियों को अच्छे से धोकर खाने, नाखून छोटे और साफ रखने और बच्चों को नंगे पैर बाहर घूमने से रोकने की अपील की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से तय कार्यक्रम के अनुसार कृमिनाशक दवा लेने की अपील की है। सीएमएचओ ने अभिभावकों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से इस अभियान में पूरा सहयोग करने और सभी पात्र बच्चों व किशोर-किशोरियों को दवा दिलवाना सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। इस जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य, डीपीसी-आईईसी लखन सिंह लोधा, डीपीसी-पीसीपीएनडीटी नगीना शर्मा, पीएचएम स्नेहलता तिवारी और स्कूल का स्टाफ मौजूद था।