करौली की कुड़गांव थाना पुलिस ने दो चोरियों का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने परीता गांव में हुई घर चोरी और सिंचाई विभाग कार्यालय से केबल चोरी के मामलों को सुलझाया। परीता निवासी बनवारी पुजारी के घर से 15 अप्रैल की रात सोने-चांदी के गहने और 40 हजार रुपए चोरी हुए थे। इस मामले में दीपक मीणा और विक्रम मीणा को गिरफ्तार कर 35 हजार रुपए नकद और गहने बरामद किए गए। कुड़गांव के सिंचाई विभाग कार्यालय से 29 सितंबर की रात केबल चोरी हुई थी। इस मामले में दीपक मीणा (सेवा) और विकास मीणा (सेवा) को पकड़ा गया। उनके पास से चोरी की केबल और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त की गई। थानाधिकारी मुरारीलाल मीणा और जांच अधिकारी मलखान सिंह की टीम ने तकनीकी सूचना और मुखबिरों की मदद से यह कार्रवाई की।