करौली के शिव पैलेस में अखिल भारतीय प्रारंभिक शिक्षक महासंघ (AIFETO) की बैठक हुई। इसमें सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शिक्षक-शिक्षार्थियों के हितों की रक्षा के लिए राजस्थान में 'शैक्षिक गुणवत्ता चेतना यात्रा' निकालने की घोषणा की गई। बैठक की अध्यक्षता शिक्षक नेता रामनिवास पाराशर ने की। AIFETO के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राममूर्ति स्वामी ने सार्वजनिक शिक्षा को मजबूत बनाए रखने और शोषणात्मक प्रवृत्तियों के खिलाफ आवाज उठाने पर जोर दिया। प्रांतीय महासचिव मुकेश सारस्वत ने बताया कि यात्रा से शिक्षकों में जागरूकता बढ़ेगी। इस बैठक में पुरुषोत्तम शर्मा को AIFETO का करौली जिला संयोजक बनाया गया। उन्हें 15 दिन में जिला कार्यकारिणी बनाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान रामकुमार माहिया, गुरचरण सिंह, मंजू सहित कई पदाधिकारियों और शिक्षक मौजूद रहे।