करौली में रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। राखियों के साथ मिठाइयों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए सैंपलिंग तेज कर दी है। शहर के प्रमुख बाजारों में सुबह से देर शाम तक खरीदारों की आवाजाही बनी हुई है। भाइयों के लिए राखियां खरीदने के साथ-साथ रिश्तेदारों और परिवार के लिए मिठाइयां भी खरीद रहे हैं। राजस्थानी परंपरा का घेवर इस बार भी लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। इसके अलावा काजू कतली, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, सोहन पापड़ी और ड्राई फ्रूट मिठाइयों की भी अच्छी मांग है। त्योहारों को लेकर बाजारों में विशेष तैयारियां मिठाई दुकानदारों ने रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के त्योहारों को देखते हुए विशेष तैयारियां की हैं। ग्राहकों की मांग के अनुसार ताजी मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। शक्कर के दाम बढ़ने के बावजूद त्योहार के चलते मिठाइयों की बिक्री पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी निगरानी बढ़ा दी है। विभाग की टीमें शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिठाई की दुकानों, डेयरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं। इन स्थानों से सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने तेज की सैंपलिंग प्रक्रिया मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. सतीश चंद मीणा ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग की जा रही है। किसी भी सैंपल में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे मिठाइयां केवल भरोसेमंद दुकानों से ही खरीदें। किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत विभाग को देने का आग्रह भी किया गया है।