रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस का शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी रेलवे स्टेशन, कठुआ पर दो मिनट का ठहराव दिया गया है। यह सुविधा 28 अगस्त से शुरू होगी, जिससे कठुआ और आसपास के यात्रियों को ट्रेन पकड़ने और यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। दो मिनट रुकेगी ट्रेन जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, ट्रेन संख्या 14803 भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस 28 अगस्त से शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ स्टेशन पर ठहरेगी। ट्रेन के स्टेशन पर सुबह 4.40 बजे आगमन और 4.42 बजे रवाना होने का समय निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 14804 जम्मूतवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस का उक्त स्टेशन पर ठहराव 23 अगस्त से शुरू हो चुका है। यह ट्रेन शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ स्टेशन पर सुबह 10.01 बजे पहुंचेगी और 10.03 बजे प्रस्थान करेगी। इस ठहराव से कठुआ और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को जोधपुर और जम्मूतवी के बीच आवागमन में सुविधा मिलेगी।