बारां जिले की कवाई पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 137 किलो अवैध डोडा-चूरा जब्त किया है। इस मामले में पंजाब और हरियाणा के 2 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, कवाई थाना पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान कवाई कस्बे के तिराहे पर एक सफेद रंग की कार आती दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखकर ड्राइवर ने अचानक कार की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। कार को घेरकर आरोपियों को दबोचा संदेह होने पर पुलिस ने कार का पीछा किया। ड्राइवर ने भागने के प्रयास में कार को और तेज दौड़ाया और सड़क किनारे पड़े बड़े पत्थरों पर चढ़ा दिया। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त कार को घेरकर उसमें सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में ड्राइवर की पहचान विजय सिंह उर्फ बब्बू (23) निवासी दातेवाल, जिला मोगा, पंजाब, और उसके साथी सुन्दर सिंह (53) निवासी पबाना हसनपुर, जिला करनाल, हरियाणा के रूप में हुई। मोतीपुरा के जंगलों से लाए थे डोडा-चूरा कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड पर एक पारदर्शी थैली में संदिग्ध पदार्थ मिला, जो प्रथम दृष्टया डोडा-चूरा पाउडर जैसा लग रहा था। इसके बाद कार की पूरी तलाशी लेने पर पिछली डिग्गी में काले और सफेद रंग के प्लास्टिक के कट्टे मिले, जिनमें डोडा-चूरा भरा हुआ था। तौल करने पर कुल 137 किलो डोडा-चूरा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह डोडा-चूरा छीपाबड़ौद क्षेत्र के मोतीपुरा के जंगलों से लाया था। पुलिस अब नशे की खेप उपलब्ध कराने वाले लोगों और तस्करी के पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।