खैरथल के गवर्नमेंट कॉलेज में गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के मौके पर 'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम हुआ। इसी दिन कॉलेज के 104 छात्र जयपुर में मुख्यमंत्री के नशा मुक्ति कार्यक्रम में शामिल होने गए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण से हुई। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. महेश गोठवाल ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के सिद्धांतों पर बात की। उन्होंने छात्रों से गांधीजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने को कहा। छात्रा खुशबू कुमारी, सोनाक्षी कुमारी और कमलेश ने 'सेवा मेरा योगदान' विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने युवाओं को समाज के प्रति सेवा भाव रखने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारियां निभाने की बात कही। सुबह 8:30 बजे कॉलेज के 104 छात्र दो बसों से जयपुर के लिए रवाना हुए। जयपुर यात्रा में डॉ. दीपक चंदवानी, डॉ. सरस्वती मीणा, राजवीर सिंह, डॉ. राहुल वर्मा, विक्रम सिंह, सौम्या सिंह और विकास विद्यार्थियों के साथ रहे।