खैरथल में रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के निर्देश पर विभाग की टीम ने ततारपुर चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि अभियान के दौरान दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था की भी जांच की गई। टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के नमूने लिए। तीन दुकानों से लिए मिठाइयों के सैंपल टीम ने मैसर्स बालाजी स्वीट्स एंड फास्ट फूड से दूध और चीनी से तैयार कलाकंद का नमूना लिया। वहीं, मैसर्स चौधरी मिष्ठान भंडार, ततारपुर चौराहा से मावा बर्फी और मैसर्स अंबिका मिष्ठान भंडार, छतरपुर गांव से डोडा बर्फी का सैंपल लिया गया। सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को साफ-सफाई रखने के निर्देश निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने के लिए भी कहा। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीषा शर्मा, महिपाल सिंह और सुभाष यादव भी मौजूद रहे।