खैरथल-तिजारा जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की। बुधवार को तिजारा और टपूकड़ा में करीब 200 किलो खराब मिठाई और 25 लीटर खराब रिफाइंड सोयाबीन तेल नष्ट किया लगया। साथ ही कई दुकानों से पनीर, तेल और खाद्य के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने दोनों स्थानों पर कार्रवाई की। तिजारा में 25 लीटर खराब तेल मिला संपर्क पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर टीम ने तिजारा बाईपास टोल टैक्स के से पकौड़ों में इस्तेमाल किए जा रहे पनीर और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए। वहीं करीब 25 लीटर खराब तेल को मौके पर ही नष्ट कराया गया। होटल संचालक को सात दिन का इंप्रूवमेंट नोटिस जारी करते हुए साफ-सफाई और अन्य कमियों में सुधार के निर्देश दिए गए हैं। सुधार नहीं होने पर फूड रजिस्ट्रेशन निलंबित करने की अनुशंसा की जाएगी। टपूकड़ा में फफूंद लगी मिठाइयां मिलीं इधर, स्थानीय शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टपूकड़ा कस्बे में मिठाई विक्रेताओं की जांच की। कार्रवाई के दौरान कई विक्रेताओं के पास आवश्यक फूड रजिस्ट्रेशन नहीं होने की बात सामने आई। टीम ने मिठाई की दुकान से कलाकंद, रसगुल्ला और बर्फी के नमूने लिए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। निरीक्षण में दुकान में रखी मिठाइयों में दुर्गंध और फफूंद पाए जाने पर करीब 220 किलो मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव के साथ महिपाल सिंह एवं सुभाष यादव मौजूद रहे।