राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) जिला खैरथल-तिजारा ने शुक्रवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस मनाया। इस मौके पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने विश्व फार्मासिस्ट दिवस के पोस्टर का विमोचन करके की। इस अवसर पर उन्होंने जिले सहित प्रदेश के सभी फार्मासिस्टों को शुभकामनाएं दीं। डॉ. गेट ने कहा कि फार्मासिस्ट चिकित्सा विभाग के स्तंभ हैं, जो पूरे राजस्थान में चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे मरीजों को सुरक्षित और अच्छी दवा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने में भी योगदान देते हैं। इसके बाद उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूर्ण मल मीणा, सहायक औषधि नियंत्रक नरोत्तम बारोटिया और प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितिन शर्मा की मौजूदगी में पौधारोपण कार्यक्रम हुआ। साथ ही अस्पताल में भर्ती और इलाज करा रहे मरीजों को फल बांटे गए, और उनके जल्दी ठीक होने की कामना की गई। कार्यक्रम के अगले चरण में राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) जिला खैरथल-तिजारा की कार्यकारिणी कच्ची बस्ती बुढ़ावाली पहुंची। यहां लोगों को फल बांटे गए। इसके बाद अन्नपूर्णा रसोई योजना के तहत जरूरतमंद लोगों को मुफ्त भोजन भी कराया गया। इस अवसर पर फार्मासिस्टों ने कहा कि विश्व फार्मासिस्ट दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं है। यह मरीजों की सेवा, सुरक्षित दवा, जनस्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारियों को याद करने का मौका है। कार्यक्रम में राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) जिला खैरथल-तिजारा से धीरज यादव, रोहित खंडेलवाल, राहुल सैनी, करण कौशिक, मनीष शर्मा, राजेश सैनी, रोहित यादव, आदित्य यादव, जितेंद्र यादव, कुलदीप, रणजीत, कमल यादव, योगेश अग्रवाल और अनुज यादव जैसे कई साथी मौजूद रहे।