खैरथल-तिजारा जिला पुलिस ने सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के-नोट खरीदने और लकी ड्रॉ के नाम पर ठगी करने वाले 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जैरौली, शेखपुर अहीर और किशनगढ़बास थाना पुलिस ने चार प्रकरणों में कार्रवाई की। पुलिस ने 3 बाल अपचारियों को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 मोबाइल फोन और 20 सिम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई जिला विशेष टीम और साइबर टीम के सहयोग से की। गिरफ्तार आरोपियों में 5 हजार रुपए का इनामी भी शामिल है। पुराने सिक्के-नोट खरीदने के नाम पर रजिस्ट्रेशन फीस पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप पर ‘Old Coin Company’ और ‘REAL COIN COMPANY’ जैसे नामों से फर्जी प्रोफाइल और विज्ञापन चलाते थे। वे लोगों को पुराने सिक्के और नोट खरीदने के नाम पर ज्यादा रकम मिलने का झांसा देते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन के नाम पर क्यूआर कोड के जरिए पैसे जमा करवाए जाते थे। आरोपियों ने 'श्री सांवरिया सेठ उपहार योजना' के नाम से भी फर्जी लकी ड्रॉ और उपहार का झांसा देकर लोगों को ठगा। लोगों का भरोसा जीतने के लिए कई मामलों में फर्जी चेक और पे-ऑर्डर तक दिखाए जाते थे। फर्जी सिम और क्यूआर कोड का इस्तेमाल पुलिस के अनुसार, गिरोह फर्जी सिम और क्यूआर कोड का इस्तेमाल करता था। ठगी की रकम फर्जी बैंक खातों में मंगवाई जाती थी। पुलिस की नजर से बचने के लिए गिरोह के कुछ सदस्य सुनसान जगहों और जंगल में बैठकर ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क चलाते थे। चार प्रकरणों में 12 आरोपी गिरफ्तार जैरौली थाने के प्रकरण में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। किशनगढ़बास थाने के प्रकरण में 4 आरोपी पकड़े गए। एक अन्य प्रकरण में 1 आरोपी और 2 बाल अपचारी, तथा एक और प्रकरण में 3 आरोपी और 1 बाल अपचारी के खिलाफ कार्रवाई की गई। गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल JMS पर जांच के दौरान जब्त मोबाइलों के IMEI और बैंक खातों की पड़ताल की गई। इसमें पश्चिम बंगाल, हरियाणा, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से गिरोह के तार जुड़े मिले हैं। एक प्रकरण में जब्त मोबाइल से हावड़ा ग्रामीण, पश्चिम बंगाल में 1930 पर दर्ज शिकायत मिली है। एक अन्य प्रकरण से जुड़े मोबाइल के संबंध में हिमाचल प्रदेश से भी शिकायत सामने आई है। 5 हजार का इनामी इरसाद भी गिरफ्तार पुलिस ने कार्रवाई के दौरान इरसाद पुत्र समसू, निवासी मिर्जापुर, थाना किशनगढ़बास को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इरसाद थाना खैरथल के प्रकरण में BNS की धारा 303(2), 351(3) तथा 5, 8 RBA Act में वांछित था। उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस की अपील- लकी ड्रॉ और पुराने सिक्कों के झांसे में न आएं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के-नोट खरीदने, लकी ड्रॉ, उपहार योजना या धार्मिक संस्था के नाम पर आने वाले संदिग्ध संदेशों पर भरोसा न करें। अपना बैंक खाता, सिम या क्यूआर कोड किसी को किराए या कमीशन पर न दें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों और अलग-अलग राज्यों में दर्ज शिकायतों से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी है।