खैरथल-तिजारा जिले में आम लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए विकसित भारत-जन सेवा अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 26 से 28 सितंबर तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। ये शिविर गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर लगेंगे, जिनमें 22 विभागों से जुड़ी सेवाएं मिलेंगी। शिविर सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक या काम खत्म होने तक चलेंगे। इन शिविरों का संचालन संबंधित उपखंड अधिकारियों की देखरेख में होगा। अभियान के दौरान लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। अभियान में शामिल विभागों से जुड़ी शिकायतों को मौके पर ही सुलझाने की कोशिश की जाएगी। यहां-यहां लगेंगे कैंप किशनगढ़बास उपखंड में खैरथल तहसील कार्यालय, इस्माइलपुर अटल सेवा केंद्र, किशनगढ़बास तहसील कार्यालय, मांचा, माछरोली, खानपुर मेवान और धमूकड़ में शिविर लगेंगे। कोटकासिम उपखंड में पंचायत समिति सभागार कोटकासिम, बूढ़ीबावल, भौंकर, पुर, हरसोली और नांगल सालिया में शिविर लगाए जाएंगे। मुण्डावर उपखंड में अम्बेडकर भवन मुण्डावर के साथ-साथ उलाहेड़ी, ततारपुर, जिन्दोली, मातौर, सोडावास, करनीकोट, जाट बहरोड़, बीजवाड़ चौहान और अजरका में शिविर लगेंगे। टपूकड़ा उपखंड में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टपूकड़ा, मसीत, नगर परिषद कार्यालय भिवाड़ी, खिदरपुर, ग्वालदा और खिजूरीवास में शिविर होंगे। तिजारा उपखंड में पंचायत समिति परिसर तिजारा, गहनकर, शाहाबाद, चावण्डी कलां, ईशरोदा और हसनपुर माफी में शिविर आयोजित किए जाएंगे। जो शिकायतें अभियान में शामिल विभागों से संबंधित नहीं होंगी, उन्हें भी नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायतों को एक अलग रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। इन्हें तय समय में कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। इन मामलों की प्रगति की समीक्षा उपखंड अधिकारी समय-समय पर करेंगे।