ब्यावर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर खरवा गांव के पास गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में ट्रेलर ड्राइवर की आग में जलने से मौत हो गई। एक खड़े ट्रेलर में दूसरा ट्रेलर जा घुसा, जिससे खड़े ट्रेलर के केबिन में आग लग गई। ड्राइवर बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में श्रीनिधि कंपनी का ट्रेलर आग की चपेट में आया। इस ट्रेलर में दूदू निवासी देवानंद (50) ड्राइवर के रूप में मौजूद थे। ट्रेलर में लगी आग की सूचना किसी युवक ने ब्यावर फायर स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम जरूरी सामान के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। ब्यावर फायर ब्रिगेड प्रभारी ताराचंद ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर आग बहुत ज्यादा थी। आग पर काबू पाने के दौरान पता चला कि ड्राइवर बुरी तरह झुलस चुका था। लिथियम बैटरी भरी होने से बार-बार भड़क रही थी आग फायर ब्रिगेड प्रभारी ताराचंद के अनुसार, वाहन में लगी लिथियम बैटरी के सेल की वजह से आग बार-बार भड़क रही थी। बैटरी में छोटे-छोटे सेल होने और आग लगने पर ऑक्सीजन मिलने की वजह से इसे पूरी तरह बुझाने में काफी मेहनत करनी पड़ी। ब्यावर से दमकल टीम ने करीब 4 से 5 फेरे कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। उन्होंने बताया कि बैटरी के सेल पूरी तरह खत्म होने तक दमकल टीम मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर रखी। पुलिस ने खुलवाया रास्ता हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाने के साथ अन्य वाहनों को सुरक्षित रूप से इधर-उधर करवाया और बाधित रास्ते को खुलवाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे में ड्राइवर के शव को ब्यावर के राजकीय चिकित्सालय की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। मौके पर अग्निशमन दस्ते के पारी प्रभारी बलराम सिंह, वाहन चालक मोहम्मद इस्माईल, धर्मेंद्र कुमार तथा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक हुसैन खान सहित अन्य कर्मचारी तैनात रहे।