बाड़मेर में ANTF टीम ने खावड़िया खानजी का तला गांव में खेत से 5.096 किलो अवैध अफीम का दूध बरामद किया। इसे कटी बाजरे की फसल के नीचे स्टील की बरनी में 3 प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी हरचंदराम उर्फ पप्पू (41) को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ पहले से NDPS एक्ट के 3 मामले दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है। ANTF टीम को सूचना मिली थी कि हरचंदराम ने अपने खेत में मादक पदार्थ छिपा रखा है। इस पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए खेत में दबिश दी। पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी पुलिस को देखकर आरोपी बाजरे की फसल की आड़ में भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बाजरे की फसल के नीचे प्लास्टिक के कट्टे में रखी स्टील की बरनी मिली। इसमें 3 थैलियों में 5.096 किलो अफीम का दूध भरा था। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 2018 से तस्करी में सक्रिय पुलिस के अनुसार, आरोपी 2018 में बाड़मेर के संपर्क में आया और स्थानीय स्तर पर डोडा-पोस्त की सप्लाई करने लगा। बाद में अफीम और डोडा-पोस्त की बड़ी मात्रा में सप्लाई करने लगा। नागाणा और ग्रामीण थाने में उसके खिलाफ NDPS एक्ट के 3 मामले दर्ज हुए। इन मामलों में वह जेल भी गया, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद फिर तस्करी में लग गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।