आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खेड़ापा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-62 पर नाकाबंदी के दौरान चाईना क्ले की आड़ में गुजरात ले जाई जा रही 550 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब और बियर जब्त की है। मामले में 22 चक्के वाले ट्रेलर को जब्त कर चालक को मौके से गिरफ्तार किया गया है। जोधपुर ग्रामीण एसपी पंकज यादव और एएसपी रामेश्वर लाल के निर्देशन में खेड़ापा थाना टीम परिसर के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नागौर की तरफ से आ रहे 22 चक्का ट्रेलर में मिट्टी के नीचे भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाई गई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ट्रेलर को रुकवाया। पुलिस ने जब चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम रामचन्द्र (33) पुत्र दलाराम वैष्णव निवासी निम्बलकोट जिला बालोतरा बताया। आरोपी चालक शुरुआत में पुलिस को गुमराह करते हुए गाड़ी में केवल मिट्टी भरी होने का दावा करता रहा। पुलिस ने जब सख्ती से गहन पूछताछ की और मिट्टी हटाकर तलाशी ली, तो नीचे प्लास्टिक शीट से ढकी 550 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब व बियर बरामद हुई। चूरू से मोरबी भेजी जा रही थी खेप पूछताछ में आरोपी चालक ने खुलासा किया कि यह शराब चूरू निवासी मनीष चौधरी पुत्र मानाराम जाट ने ट्रेलर में भरवाई थी। इसे गुजरात के मोरबी तक पहुंचाना था। वैध लाइसेंस न मिलने पर पुलिस ने शराब व ट्रेलर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब तस्करी के इस पूरे नेटवर्क और मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी है।