अलवर जिले के खेड़ली कस्बे के कठूमर रोड स्थित बाजार में देर रात इलेक्ट्रिकल सामान की दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया गया। वारदात में बाइक सवार तीन युवक नजर आए हैं। इनमें से एक युवक ने दुकान के शटर के नीचे पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटें उठती देखकर पड़ोसी ने दुकान मालिक को सूचना दी। समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे दुकान के अंदर रखा इलेक्ट्रिकल सामान सुरक्षित बच गया। दुकान मालिक सुनील गर्ग के अनुसार कठूमर रोड स्थित गर्ग इलेक्ट्रिकल की दुकान पर रात करीब 11:57 बजे बाइक सवार तीन युवक पहुंचे। बाजार में सन्नाटा होने के बाद एक युवक बाइक से उतरा और दुकान के शटर के नीचे पेट्रोल डाल दिया। इसके बाद उसने पेट्रोल में आग लगा दी और तीनों बाइक से मौके से फरार हो गए। शटर पर आग की लपटें देखकर आसपास रहने वाले कपूर चंद जैन ने दुकान मालिक सुनील गर्ग को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक और परिजन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। घटना की सूचना पर खेड़ली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन युवक बाइक से आते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में एक युवक दुकान के शटर के नीचे पेट्रोल डालकर आग लगाता नजर आ रहा है। घटना के बाद व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने खेड़ली थाने पहुंचकर पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।