उदयपुर जिले के खेरवाड़ा तहसील क्षेत्र में मछली पकड़ने के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। नदी में टोटा बम फटने से यह हादसा हुआ। युवक के दोनों हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उसका चेहरा भी झुलस गया। घायल युवक को गंभीर हालत में डूंगरपुर जिला अस्पताल से उदयपुर रेफर किया गया है। खेरवाड़ा निवासी विकास खेरवाड़ा के पास नदी में मछली पकड़ने गया था। वह इसके लिए अवैध रूप से टोटा बम का इस्तेमाल कर रहा था। विकास ने जैसे ही बम में आग लगाकर उसे नदी में फेंकना चाहा, वह उसके हाथ में ही तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर दौड़े लोग धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना दी। इसके बाद 108 एम्बुलेंस के ईएमटी नितिन मीणा और पायलट पोपटलाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल विकास को खेरवाड़ा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे डूंगरपुर रेफर कर दिया। डूंगरपुर में भी हालत में सुधार नहीं होने और दोनों हाथों में गंभीर चोटें होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया है। युवक का इलाज अभी उदयपुर में जारी है। 108 एम्बुलेंस के ईएमटी नितिन मीणा ने इस घटना की जानकारी दी।