कोटा में मेयर के चुनाव में शुक्रवार को कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग हुई। इसके बाद अब कांग्रेस डिप्टी मेयर के चुनाव से पीछे हट गई है। हालांकि बीजेपी में अभी तक डिप्टी मेयर के लिए नाम तय नहीं है। इधर, कांग्रेस अब मैदान में नहीं होगी तो बीजेपी की तरफ से उम्मीद जताई जा रही है कि डिप्टी मेयर बीजेपी का निर्विरोध तय होगा। राखी गौतम का आरोप- कांग्रेस पार्षदों को डराया गया शहर जिला कांग्रेस कमेटी कोटा की जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने आरोप लगाया कि कोटा नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस के निर्वाचित पार्षदों को कथित रूप से डराया-धमकाया। उन्होंने कांग्रेस पार्षदों को दबाव में लेने और वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाते हुए नगर निगम उपमहापौर चुनाव के बहिष्कार की घोषणा की। उन्होंने कहा- ये लोकतंत्र की मूल भावना पर प्रहार है। निर्वाचित पार्षद जनता के प्रतिनिधि हैं। उन्हें मताधिकार का प्रयोग स्वतंत्र करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा- भाजपा की ओर से सत्ता के दुरुपयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को कांग्रेस पार्टी स्वीकार नहीं करेगी। राखी गौतम ने कहा- जब चुनावी प्रक्रिया में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हों तो ऐसी परिस्थितियों में कांग्रेस पार्टी अपने लोकतांत्रिक मूल्यों और सिद्धांतों से समझौता नहीं करेगी। भाजपा ने कहा- नामों को लेकर कर रहे चर्चा इधर, बीजेपी जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा- पार्टी की तरफ से अभी नामों को लेकर चर्चा की जा रही है। बैठक के लिए शनिवार को समय मिलेगा, उसमें भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा- पार्टी जो निर्णय लेगी, उसी अनुसार आगे बढे़ंगे।