कोटा में डिप्टी मेयर को लेकर आज चुनाव होगा। हालांकि कांग्रेस चुनाव से पहले बैकफुट पर आ गई है। ऐसे में अब माना जा रहा है कि बीजेपी की तरफ से जिस प्रत्याशी का नाम तय होगा, वह निर्विरोध जीत तय करेगा। पार्टी की तरफ से देर रात तक कोई नाम फाइनल करके सामने नहीं लाया गया। हालांकि पार्टी सूत्रों के अनुसार- चार बार के पार्षद और पार्टी के कद्दावर नेता विवेक राजवंशी का नाम लगभग तय है। हालांकि चर्चा में पार्षद लव शर्मा का नाम भी शामिल है। वहीं शुक्रवार को हुए मेयर चुनाव में बीजेपी ने जीत हासिल कर ली है। लाडपुरा विधायक बोलीं-पार्टी के अंदर नाराजगी नहीं इधर, पहले यह भी चर्चा आई थी कि लाडपुरा से डिप्टी मेयर को लेकर पार्टी के अंदर नाराजगी चल रही है। लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने यह भी साफ किया है कि कोई नाराजगी नहीं है। पार्टी से जो नाम तय होगा, उसे ही सपोर्ट करेंगे। पहले कई नाम चर्चा में थे लेकिन उसके बाद सिर्फ दो नामों को लेकर पार्टी के अंदर चर्चा रही। पहला नाम विवेक राजवंशी और दूसरा कोटा उत्तर विधानसभा से जीते लव शर्मा का नाम था। दोनों ही ओम बिरला खेमे के हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि सभी पार्षदों से चर्चा के बाद यह बात सामने आई कि पार्टी के पार्षद सीनियर पार्षद को डिप्टी मेयर के पद पर देखना चाह रहे हैं। ऐसे में पार्टी की तरफ से नाम भी तय कर लिया गया है। हालांकि जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि पार्टी की तरफ से अभी चर्चा चल रही है। नाम वरिष्ठ नेताओ को भेजे गए हैं, ऐसे में जिसका नाम तय होगा उससे नामांकन भरवाया जाएगा। राकेश जैन ने कहा-कांग्रेस डूबता जहाज राकेश जैन ने कहा कि कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है और कोई डूबते हुए जहाज में नहीं रूकता, यही कारण है कि मेयर चुनाव में अनुसूईया गोस्वामी को 65 वोट मिले जिसमें निर्दलीय पार्षदों सहित कांग्रेसी पार्षदों ने भी वोट दिया, जबकि कांग्रेस की प्रत्याशी को केवल 35 वोट मिले। कांग्रेस ने टूटते कुनबे को और ना टूट सके इसलिए मेदान छोड़ा और बहिष्कार का बनाया बहाना। उन्होंने कहा कि सुबह 10 बजे डिप्टी मेयर के लिए नामांकन भरा जाएगा।