कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में गिट्टी खाली करते समय एक डंपर ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन की चपेट में आने के बाद अचानक आग की लपटों में घिर गया। देखते ही देखते डंपर धू-धूकर जलने लगा। हालांकि, ड्राइवर ने समय रहते डंपर से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना में बड़ा हादसा टल गया। करंट की चपेट में आने से लगी डंपर में आग सीआई अजीत बागड़ोलिया ने बताया कि औखलिया भैरू मंदिर के पास बालाजी आवास प्रथम में सड़क निर्माण कार्य के लिए प्लांट लगाया गया है। प्लांट परिसर में डंपर गिट्टी खाली कर रहा था। इसी दौरान डंपर का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आते ही डंपर में आग लग गई। डंपर में आग लगती देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस, अग्निशमन केंद्र और बिजली विभाग को सूचना दी। बिजली विभाग ने विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दमकल के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया। सूचना पर दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरी तरह बुझ चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। हादसे में डंपर को नुकसान हुआ है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।