कोटा में शारदीय नवरात्र के साथ 133वें राष्ट्रीय कोटा दशहरा मेले का रविवार से आगाज हो गया। इस दौरान भव्य आतिशबाजी की गई। वहीं मेला दशहरा नाम लिखी पटि्टयों के गुब्बारे भी हवा में छोडे़ गए। मंत्री मदन दिलावर, हीरालाल नागर, विधायक कल्पना देवी और अधिकारियों ने मेले का झंडारोहण कर मेले के शुभारंभ की घोषणा की। नवरात्र के पहले दिन आशापुरा माता मंदिर में विधायक संदीप शर्मा, महापौर अनुसुईया गोस्वामी, डिप्टी मेयर विवेक राजवंशी मौजूद रहे। सभी ने पूजा-अर्चना कर मेले के आयोजन की प्रार्थना की। वहीं विधिवत रूप से धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत की। मेले का औपचारिक व उद्घाटन शाम को किया गया। पूजा-अर्चना के साथ मेले का किया शुभारंभ पूजा के बाद विधायक संदीप शर्मा ने कहा- हमारी सनातन संस्कृति में किसी भी शुभ और बड़े कार्य की शुरुआत नवरात्र के पावन पर्व से की जाती है। हालांकि दशहरा मेले की तैयारियां काफी दिनों से चल रही थीं। प्रथम नवरात्र के अवसर पर आज विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ मेले का शुभारंभ हो गया। विधायक संदीप शर्मा ने बताया- कोटा का दशहरा मेला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखता है। इस मेले की भव्यता और गरिमा को बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन, महापौर, उपमहापौर, आयुक्त और सभी पार्षद लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि मेले में आने वाले आमजन और दूर-दराज से पहुंचे व्यापारियों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।