कोटा में रास्ता पूछने और मदद के बहाने महिला को बातों में उलझाकर 2 लाख रुपए के जेवर ठग लिए गए। आरोपी युवक और युवती ने महिला से बातचीत शुरू की और भोपाल का रास्ता पूछने के बहाने उसे अपनी बातों में उलझाए रखा। इसी दौरान आरोपियों ने महिला को नशीला पदार्थ सुंघा दिया। आरोपियों ने महिला के सोने-चांदी के गहने उतरवा लिए और उसके हाथ में कपड़ों की थैली थमाकर भाग गए। वारदात महावीर नगर थाना इलाके की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घर लौटते समय आरोपियों ने पूछा भोपाल का पता पुलिस की दी गई शिकायत के मुताबिक, संतोषी नगर निवासी बद्री बाई घरों में काम करने जाती है। गुरूवार दोपहर को वह टीचर्स कॉलोनी में मकान में काम करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात युवक और युवती उनके पास आकर रुके और भोपाल जाने का रास्ता पूछने लगे। महिला ने बताया कि उसे इसकी कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन युवक-युवती उसे बातों में उलझाए रखे और कहते रहे कि वह जहां काम करते थे वहां से उन्हें मारपीट कर भगा दिया। घर जाने के भी उनके पास रुपए नहीं है। इस तरह की बातों में उलझाकर उसे कुछ नशीला पदार्थ सुंघा दिया। जिसके बाद महिला को कुछ होश नहीं रहा और जैसा वह कहते रहे, वह करती रही। उससे उसका मंगल सूत्र और कानो की झुमकियां और पायल खुलवा ली और जेवर समेटकर दोनों मौके से भाग निकले। महिला को होश आने के बाद ठगी का पता चला कुछ देर बाद महिला को जब पूरी तरह होश आया तो उसे पता लगा कि बदमाशों ने उसके जेवर ले लिए और फरार हो गए। उसके हाथ में एक थैली दे गए, जिसमें कपडे़ का बना कुछ रखा था। ठगे गए जेवरों की कीमत करीब दो लाख रुपए बताई जा रही है। घटना के बाद महिला महावीर नगर थाने पहुंची और मामले की शिकायत दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।