कोटा के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुरानी रंजिश में युवक पर तलवार और सरियों से हमला कर दिया गया। 4-5 बाइक पर आए बदमाशों ने जमकर पीटा। घायल को परिजन और दोस्त इलाज के लिए एमबीएस हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। आरोप है कि कुछ देर बाद हमलावर वहां भी पहुंच गए और अस्पताल के अंदर घायल के छोटे भाई पर भी चाकू से 3-4 वार कर दिए। चाकूबाजी और हंगामे से मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। बदमाशों ने हॉस्पिटल में तोड़फोड़ भी की। इमरजेंसी वार्ड में मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में हॉस्पिटल का एक कर्मचारी हंगामे के बीच गेट की कुंडी लगाता हुआ नजर आ रहा है लेकिन आरोपी भाग गए। हमले में दो भाई घायल हमले में घायल अरबाज ने बताया रविवार देर रात वह घोसी मोहल्ले में खड़ा था। इस दौरान 4-5 बाइक पर बदमाश पहुंचे। सबसे आगे हुसैन था और उसके हाथ में पिस्टल थी। उसने दो-तीन बार पिस्टल से फायर करने की कोशिश की लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद मोईन तलवार लेकर आया। उसने मेरे भाई आरिफ के सिर पर तलवार और चाकू से हमला कर दिया। उसे लहूलुहान हालत में हॉस्पिटल ले जाया गया। बदमाश हॉस्पिटल भी पहुंच गए। मोईन, हुसैन और अन्य बदमाश हॉस्पिटल में आए। उस समय अरबाज वार्ड के बाहर खड़ा था। आरोप है कि बदमाशों ने उसे घेर लिया मारपीट की और चाकू से 3-4 वार कर दिए। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।