कोटा शहर में बंद पड़ी जेके फैक्ट्री के मजदूरों के बीच पहुंचे कांग्रेस विधायक शांति धारीवाल ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने बीजेपी सरकार पर श्रमिकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार में मजूदर पिस रहे हैं और कांग्रेस अब मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ेगी। धारीवाल ने श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समर्थन में आवाज उठाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों का हौसला बढ़ाया और उनकी सभी वाजिब मांगों का पुरजोर समर्थन किया। दरअसल, कोटा कलेक्ट्रेट के बाहर पिछले एक साल से श्रमिकों का आंदोलन लगातार जारी है। जहां जेके फैक्ट्री को फिर से शुरू कराने, बकाया वेतन का भुगतान करने समेत अन्य अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। धारीवाल बोले- हमेशा मजदूरों के साथ खड़ी है कांग्रेस शांति धारीवाल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा मजदूरों के साथ खड़ी रही है। कांग्रेस ने कभी कारखाना मालिकों को मजदूरों का शोषण नहीं करने दिया। मजदूरों की मेहनत और उनके अधिकारों का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि उनका बकाया वेतन सहित अन्य मांगें भी एक न एक दिन जरूर पूरी होंगी। उन्होंने आंदोलन कर रहे श्रमिकों का हौसला बढ़ाते हुए उनके संघर्ष को जारी रखने की बात कही। श्रमिकों को एकजुटता के साथ संघर्ष जारी रखने का किया आह्वान राज्य की मौजूदा भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए धारीवाल ने कहा कि मौजूदा सरकार सेठों और पूंजीपतियों की सरकार है, इसे गरीब मजदूरों के दर्द से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है। मजदूरों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों की बहाली केवल कांग्रेस ही कर सकती है। उन्होंने श्रमिकों को एकजुटता के साथ संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।