कोटा में मिड डे मील में कद्दू की सब्जी खाने से 27 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इसमें से 14 बच्चों को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाया गया है। घटना रानपुर इलाके के पूनिया देवरिया स्कूल की है। मामले की सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारी हॉस्पिटल पहुंचे। बच्चों की हालत पहले से ठीक है। बताया जा रहा है कि खाना खाने के 2 घंटे बाद बच्चों के उल्टी दस्त, चक्कर आने लगे थे। देर शाम क़ो शिक्षा एवं पंचायती राजमंत्री मदन दिलावर हॉस्पिटल में भर्ती बच्चों से मिलने न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे। मंत्री ने डॉक्टर्स से बच्चों के इलाज के बारे में जानकारी ली। स्कूल में 110 बच्चे मौजूद थे 8वीं तक के इस स्कूल में 130 बच्चों का नामांकन है। सोमवार को 110 बच्चे स्कूल में मौजूद थे। स्कूल इंचार्ज चंद्र प्रकाश मीणा ने बताया- 9 स्कूलों के लिए एक ही जगह से खाना आता है। आज भी केवलनगर स्थित अन्नपूर्णा रसोई से बच्चों के लिए खाना आया था। बच्चों को 10 बजे खाना खिलाया था। दोपहर 12 बजे बाद कुछ बच्चों को उल्टी व चक्कर आने लगे। लगभग 27 बच्चों की तबियत बिगड़ी। इनमें से 14 बच्चों को कोटा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाए हैं। फिलहाल इनमें में 4-5 बच्चे ही भर्ती हैं। बाकी की तबियत ठीक है। 9 स्कूलों में जाता है खाना, सिर्फ एक में 27 बच्चों की तबीयत बिगड़ी जिला शिक्षा अधिकारी रूप सिंह मीणा ने बताया- 9 स्कूलों में एक ही जगह से खाना गया था। बाकी स्कूलों में पता कर लिया। कहीं पर भी बच्चों की तबीयत नहीं बिगड़ी है। मौके पर भी मेडिकल की टीम भेजी है। शुरुआती तौर पर यह नहीं कह सकते कि खाना खाने से तबीयत बिगड़ी है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों का पता लगेगा। बच्चे बोले- कद्दू की सब्जी खाते ही तबीयत खराब हुई 7वीं कक्षा में पढ़ने वाले अर्जुन भील ने बताया- कद्दू की सब्जी में खराब थी। दो घंटे बाद अचानक से पेट दर्द हुआ और उल्टी हुई। इसके बाद स्कूल में मौजूद टीचर ने संभाला। 5वीं में पढ़ने वाली प्रिया ने बताया सभी बच्चों ने खाना खाया था। सब्जी खाने के बाद उल्टी हुई। इसके बाद वह घर आ गई। घर आने के बाद बुआ अस्पताल लेकर पहुंची। चौथी कक्षा में पढ़ने वाले राहुल ने बताया कि कद्दू की सब्जी खाते ही चक्कर आने लगे और वो नीचे गिर गया। थोड़ी देर बाद घर चला गया। घर पर भी तबीयत बिगड़ी। इसके बाद स्कूल वाले अस्पताल ले आए।