कोटा में कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने ऑपरेशन हॉक के तहत कार्रवाई करते हुए देशी कट्टे के साथ एक हिस्ट्रीशीटर अभिषेक भूमलिया (29) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और मारपीट सहित 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है। कोटा शहर में चाकूबाजी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉक (H.A.W.K.) के तहत पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत पिछले 10 दिनों में 500 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। अवैध देशी कट्टा लेकर घूम रहा था आरोपी कुन्हाड़ी थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि 12 अक्टूबर को गश्त के दौरान बेंचमार्क सिटी नहर के पास एक युवक के अवैध देशी कट्टा लेकर घूमने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मुखबिर के बताए हुलिए का युवक दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके पास से देशी कट्टा बरामद हुआ। हथियार का लाइसेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने कट्टा जब्त कर आरोपी को आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अभिषेक भूमलिया कोतवाली थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। वह वर्तमान में कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र की काली बस्ती में रह रहा था। पुलिस अब उससे हथियार खरीदने के स्रोत और आपराधिक वारदातों में इसकी संभावित भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है। 10 दिन में 500 लोगों पर कार्रवाई ऑपरेशन H.A.W.K. के तहत 2 से 11 अक्टूबर तक शहर में 9 टीमें गठित कर कार्रवाई की गई। इस दौरान विभिन्न मामलों में 88 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम, पुलिस एक्ट और BNSS सहित विभिन्न प्रावधानों में 403 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, कोर्ट के वारंट पर 9 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के तहत अवैध हथियारों और धारदार हथियारों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।