कोटा जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 13 अक्टूबर तक पहले चरण के नामांकन होंगे। जिले की रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति लाडपुरा के 3 वार्ड तथा जिला परिषद के 7 वार्ड के लिए सोमवार को भाजपा प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। सर्किट हाउस में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की मौजूदगी में सभी प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र तैयार किया। फिर एक साथ सर्किट हाउस से जिला कलेक्टर कार्यालय अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए रवाना हुए। इन्हीं नेताओं को भाजपा से टिकट मिलने की संभावना है। वहीं वार्ड 6 में भाजपा से भूपेंद्र और टीना कुमारी ने नामांकन किया। दोनों पति-पत्नी हैं। इसके अलावा वार्ड 8 से भाजपा के शंभू सिंह शक्तावत और उनके बेटे जयदीप ने नामांकन दाखिल किया। वहीं वार्ड 9 से भाजपा से दो भाइयों ने अजय कुमार और कुशाल कुमार ने पर्चा भरा। ये हैं भाजपा प्रत्याशी जिला परिषद वार्ड नंबर 4 (एसटी ओपन) भाजपा प्रत्याशी विष्णु, वार्ड 5 ( ओबीसी, महिला) पूजा सुमन, वार्ड 6 (सामान्य ओपन) भूपेंद्र कुमार, वार्ड 7 (एस सी महिला) मीनाक्षी वर्मा, वार्ड 8( सामान्य ओपन) शंभू सिंह, वार्ड 9 ( एस सी ओपन) अजय कुमार वाडिया, वार्ड 10 ( एस सी ओपन) दिनेश कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। पंचायत समिति लाडपुरा के प्रत्याशी पंचायत समिति लाडपुरा के तीन वार्ड है। वार्ड संख्या 1 (सामान्य महिला) संतोष, वार्ड नंबर 2 (एसटी ओपन)राजू लाल, वार्ड नंबर 3 (एसटी महिला) रानी रानी मीणा पत्नी राकेश मीणा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले शुक्रवार को सांगोद पंचायत समिति से जिला परिषद के वार्ड 14 से दुर्गेश कुमार मेघवाल ने निर्दलीय नॉमिनेशन भरा है। पहले चरण में 4 पंचायत समितियों में 19 जिला परिषद सदस्य, 84 पंचायत समिति सदस्य, 163 सरपंच व 1441 वार्ड पंचों के लिए वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में लाडपुरा, सांगोद, सुल्तानपुर व इटावा पंचायत समिति में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य के लिए 22 अक्टूबर को वोटिंग होगी, जबकि पंच/सरपंच के लिए 24 अक्टूबर को मतदान होगा। पहले चरण के लिए नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। वहीं, नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक रहेगी। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के प्रथम चरण के मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी 21 अक्टूबर को होगी। पिछले चुनाव तक 23 जिला परिषद वार्ड थे पिछले चुनाव तक कोटा में 23 जिला परिषद वार्ड थे। अब 25 जिला परिषद वार्ड में चुनाव हो रहे हैं। पिछले चुनाव तक कोटा में 5 पंचायत समितियां के कुल 91 वार्डों में से बीजेपी ने 46 वार्डों में जीत हासिल की थी। जबकि कांग्रेस को 39 वार्डों में जीत मिली थी। 6 निर्दलीय चुनाव जीत कर पंचायत समिति मेंबर बने थे।अब 6 पंचायत समितियों में चुनाव है। 1 पंचायत समिति चेचट नई बनी है।