सावन महीने के अंतिम पड़ाव पर कोटा शहर पूरी तरह शिव-भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी कोटा की अध्यक्ष राखी गौतम की ओर से बुधवार को भव्य सहस्र घट यात्रा एवं सहस्राभिषेक का आयोजन किया गया। बुधवार को सहस्र घट यात्रा संकट मोचन हनुमान मंदिर, आर.के. पुरम-बी से शुरू हुई। यात्रा में हरिद्वार से विशेष रूप से मंगवाए गए गंगाजल से भरे 1008 कलश माताओं और बहनों ने श्रद्धापूर्वक अपने सिर पर धारण किए। यहां से यात्रा शुरू हुई जो कि श्रीनाथपुरम सी स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर पहुंची। पूरी यात्रा के दौरान आर.के. पुरम और आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। पंचमुखी महादेव मंदिर पर 11 विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से भगवान शिव का सहस्राभिषेक, पूजन-अर्चन करवाया। बाबा भोलेनाथ का दूध, दही समेत पंचामृत से अभिषेक किया गया और शहर में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई। पिछले दो सालों से हो रहा कार्यक्रम राखी गौतम ने बताया कि सावन महीने सबसे पवित्र महीना होता है। इसमें शहर वासियो के लिए यह आयोजन किया गया है। संयोजक अनुराग गौतम और योगेश विजयवर्गीय ने बताया कि पिछले दो सालों से लगातार कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं और युवा शामिल रहे।