कोटा शहर में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस ने नियम तोड़ने वाले 25 वाहन ड्राइवरों के खिलाफ FIR दर्ज की है। कार्रवाई के साथ चालान भी किए जा रहे हैं। ट्रैफिक डीएसपी शक्ति दायमा ने बताया कि रॉन्ग साइड वाहन चलाना हादसे का बड़ा कारण बन सकता है। नए BNS के तहत दर्ज FIR में जमानत का प्रावधान है लेकिन कार्रवाई का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। डीएसपी ने कहा कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाला ड्राइवर खुद तो डेंजर जोन में रहता ही है साथ ही सामने से आने वाले वाहन सवारों की जान भी खतरे में डालता है। लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी FIR की कार्रवाई जारी रहेगी। एरोड्राम सर्किल से संकटमोचन मंदिर तक ट्रैफिक डायवर्जन इधर, KDA की ओर से एरोड्राम सर्किल से संकटमोचन हनुमान मंदिर के आगे तक CC रोड का निर्माण किया जाएगा। इसके चलते 2 से 20 अक्टूबर तक यातायात डायवर्जन रहेगा। नयापुरा और कोटड़ी से विज्ञान नगर जाने वाले वाहनों को एरोड्राम सर्किल पर SBI बैंक स्लिप लेन से डायवर्ट किया जाएगा। भारी वाहन 80 फीट लिंक रोड, न्यू बस स्टैंड और DCM चौराहा होकर जाएंगे। हल्के वाहन शंकर भोजनालय, धानमंडी चौराहा और लायंस क्लब होकर विज्ञाननगर पहुंच सकेंगे। वहीं सीएडी, दादाबाड़ी और महावीर नगर जाने वाले वाहनों के लिए जनाना घाट, ज्वाला तोप, गुमानपुरा फ्लाईओवर और घोड़ा बाबा चौराहा मार्ग निर्धारित किया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और सड़क पर पार्किंग नहीं करने की अपील की है।