कोटा में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के नेता डॉ. सुरेंद्र जैन ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कश्मीर के आतंकवादी को पीएम हाउस बुलाते थे। वहीं उन्होंने दावा किया है कि सरकार ने राष्ट्र और हिंदू विरोधी तत्वों पर नियंत्रण कसा है। उन्होंने ‘सर तन से जुदा’ जैसे नारे लगाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि अब कोई ऐसा नारा लगाकर दिखाए। वीएचपी नेता अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष के मौके कोटा के दशहरा मैदान में हिंदू समागम का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम से पहले वीएचपी नेता डॉ. सुरेंद्र जैन ने मीडिया से बातचीत में ये बयान दिया है। कार्यक्र में हिंदू संगठन से जुड़े लोग शहर के अलग-अलग हिस्सों से रैली के रूप में दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पहुंचे। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा समेत अलग क्षेत्रों से आए साधु संत और हिंदू संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। डॉ. सुरेंद्र जैन ने हिंदू समागम की रूपरेखा, उद्देश्य एवं तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। साथ ही अशोक सिंघल के जीवन, उनके विचारों व राष्ट्र और समाज के प्रति उनके योगदान को लेकर विस्तार से जानकारी साझा की। लवजिहाद और धर्मांतरण मुक्त बनाएंगे राजस्थान मीडिया से बातचीत में VHP नेता डॉ. सुरेंद्र जैन ने कहा कि राजस्थान को लवजिहाद और धर्मांतरण मुक्त बनाएंगे। यह हमारा संकल्प है। हम धार्मिक और सामाजिक मोर्चे पर वर्तमान सरकार के परफॉर्मेंस से बहुत संतुष्ट हैं। समाज ने मांग की है धर्मांतरण विरोधी कानून बनना चाहिए। पिछली सरकारें खासतौर पर कांग्रेस, धर्मांतरण करने वालों को जिस तरीके से सहायता करती थी। वह बहुत दुखदायक है। 'सर तन से जुदा' के नारे खुले आम लगते थे। अब कोई लगाकर दिखाएं ना। इसीलिए यह सरकार प्रभावी है। राष्ट्र विरोधी, हिंदू विरोधी तत्वों पर नियंत्रण कसा है। लॉयन ऑर्डर की सिचुएशन भी हमको पहले से बेहतर दिखाई दे रही है। कश्मीर के आतंकवादी को पीएम हाउस बुलाते थे पूर्व प्रधानमंत्री उन्होंने कहा कि ये देश का बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि भारत में सेकुलर राजनीति का मतलब राष्ट्र विरोधी राजनीति बन गया। इसीलिए इन सब लोगों को चाहे राहुल गांधी हो, विजयन हो, इनको राष्ट्र विरोधी लोगों के साथ खड़े होने में कोई दिक्कत महसूस नहीं होती। कश्मीर के आतंकवादी को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पीएम हाउस में बुलाते थे। राष्ट्रपति भवन में खुलेआम आतंकवादी जाते थे। उस तरह की राजनीति अब समाप्त हो रही है। कुछ लोग बचे हैं, उनके भी गिनती के ही दिन है। हिंदू विरोधी राजनीति लगभग समाप्त हो रही है। कुछ राज्यों तक बची है। वहां भी समाप्त हो जाएगी। 500 साल की लड़ाई के बाद बना राम मंदिर जैन ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का मिशन एक ऐसे भारत का निर्माण करने का है। जहां कोई हिंदू विरोधी गतिविधि ना हो सके, कोई राष्ट्र विरोधी गतिविधि ना हो सके। भारत पूरी दुनिया को अच्छे रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित कर सकें। उस मिशन के कई पड़ाव आज पूरे हो चुके हैं। राम मंदिर, 500 साल की लड़ाई, हमारे आंदोलन और संतों के आशीर्वाद से वह लड़ाई पूरी हो गईं। राम मंदिर साकार हो गया। रामसेतु को तोड़ने का प्रयास भी हुआ विफल उन्होंने कहा कि रामसेतु को तोड़ने का प्रयास हो रहा था। वह बच गया। अमरनाथ यात्रा को खत्म करने का षड्यंत्र हो रहा था। अब अमरनाथ यात्रा को कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता। कुछ सुरक्षा की दृष्टि से आंदोलन हुए, कुछ समाज को मजबूत करने के लिए, आज भारत उस दिशा में आगे बढ़ चुका है। जिसको हम हिंदू नवजागरण कहते हैं। उसको और आगे ले जाना है। इस संकल्प के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं।