कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुरानी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने का मामला सामने आया है। अयप्पा मंदिर के पास विज्ञान नगर थाने के हिस्ट्रीशीटर आजम खान पर कार से आए 4 युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में आजम खान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि आजम खान पैदल अयप्पा मंदिर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान कार से आए 4 युवक उसके पास पहुंचे और उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने आजम खान पर 7 से 8 बार चाकू से वार किए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर विज्ञान नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार हमले में शामिल आरोपियों की पहचान इमरान उर्फ कालिया और समीर लाल के रूप में हुई है। दोनों बदमाश प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं। अस्पताल में भर्ती थानाधिकारी रामलक्ष्मण ने बताया- आजम खान अयप्पा मंदिर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वारदात पुरानी रंजिश के चलते हुई। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ आरोपियों की तलाश की जा रही है।