कोटा में मानसून की बारिश अब तक सामान्य से 43% कम दर्ज की गई है। बुधवार सुबह से धूप निकलने के कारण तापमान में करीब 4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। दरअसल, कोटा शहर में सोमवार रात और मंगलवार सुबह हुई बारिश के बाद से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। लेकिन बुधवार को फिर सुबह से पूरे दिनभर धूप निकली रही। हालांकि, सावन के आखिरी हफ्ते में हुई बारिश से मौसम में ठंडक देखने को मिली थी, आज फिर से धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली । मंगलवार को जहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं कोटा में बुधवार को दिनभर धूप रहने से उमस और गर्मी से लोग परेशान होते रहे। कोटा में बुधवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। जिले में अब तक 353.1 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई है। न्यूनतम तापमान में भी बढोतरी उमस और गर्मी के चलते दोपहर का तापमान तो बढा ही है, न्यूनतम तापमान भी बढ़ा है जिसके चलते कूलर में भी उमस महसूस हो रही है। मौसम विभाग जयपुर के अनुसार, कोटा संभाग में बुधवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना थी, दोपहर में हवाएं जरूर चली लेकिन आसमान में बादल नहीं बरसे। कोटा में बांधों की स्थिति बांधों की स्थिति की बात करें तो कोटा में गांधी सागर बांध की भराव क्षमता 1312 फीट है, जो बुधवार को 1299.58 फीट भराव पर है। राणा प्रताप सागर की 1157 फीट क्षमता है, जो बुधवार को 1142.62, जवाहर सागर की 980 फीट क्षमता है, जो बुधवार को 973.5 फीट भरा था। वहीं कोटा बैराज की भराव क्षमता 854 फीट है, बुधवार को इसका लेवल 852.80 फीट बना हुआ है।