कोटपूतली-बहरोड़ में पंचायतीराज चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले की 8 पंचायत समितियों की 238 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। इसके लिए 784 मतदान बूथ तय किए गए हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू होगी। चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जाएंगे। कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने चुनाव तैयारियों को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें चुनाव प्रक्रिया, आदर्श आचार संहिता और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई। प्रशासन ने राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करने और निष्पक्ष चुनाव में सहयोग करने की अपील की। दूसरे चरण में 130 ग्राम पंचायतों में चुनाव दूसरे चरण में बानसूर की 45, कोटपूतली की 30, पावटा की 30 और नारायणपुर की 25 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। इन पंचायतों के लिए 442 मतदान बूथ निर्धारित किए गए हैं। इस चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 29 अक्टूबर को मतदान होगा। पंच-सरपंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को नामांकन, 31 अक्टूबर को मतदान और मतगणना तथा 1 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। तीसरे चरण में 108 ग्राम पंचायतों में मतदान तीसरे चरण में नीमराना की 40, विराटनगर की 27, बहरोड़ की 23 और मैड-कुण्डला की 18 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। इस चरण के लिए 342 मतदान बूथ तय किए गए हैं। यहां जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 4 नवंबर को मतदान होगा। पंच-सरपंच पदों के लिए 5 नवंबर को नामांकन, 6 नवंबर को मतदान और मतगणना तथा 7 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। 20 नवंबर को होगी मतगणना जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से होगी। इसके बाद जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उपप्रधान के चुनाव कराए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख का 26 नवंबर, प्रधान का 27 नवंबर और उपप्रधान का चुनाव 28 नवंबर को होगा। आचार संहिता की पालना के निर्देश जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।