कोटपूतली में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। टीकाकरण परियोजना निदेशक डॉ. रघुराज सिंह ने आज जिले के चिकित्सा संस्थानों का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने एक समीक्षा बैठक कर टीकाकरण की प्रगति जांची। परियोजना निदेशक ने डॉक्टर अधिकारियों और टीकाकरण कर्मियों से एचपीवी वैक्सीनेशन पर चर्चा की। उन्होंने टीकाकर्मियों को ज्यादा से ज्यादा एचपीवी वैक्सीनेशन करवाने के निर्देश दिए। बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की भी समीक्षा हुई और बचे हुए बच्चों को टीका लगाने पर जोर दिया गया। जिला स्तर पर हुई समीक्षा बैठक में एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति पर विस्तार से बात हुई। तय किया गया कि वैक्सीनेशन की प्रगति सुधारने के लिए खास योजना बनेगी। साथ ही, अभिभावकों और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और जागरूकता बढ़ाने का फैसला लिया गया। सभी स्कूलों की नजदीकी चिकित्सा संस्थानों से मैपिंग करके 14 से 15 साल की लड़कियों को नजदीकी सेंटर पर ले जाकर टीका लगवाने के निर्देश दिए गए। बैठक में डॉ. देवेंद्र सोधी, डॉ. आशीष सिंह शेखावत, राकेश विश्वकर्मा, मुदित माथुर, डॉ. अरविंद अग्रवाल, डॉ. प्रमोद सिंह भदौरिया, डॉ. जयभगवान यादव, रविकांत जांगिड़ और सभी बीसीएमओ मौजूद रहे।