कुचेरा के भट्टीपुरा मोहल्ले में मंगलवार सुबह 7 वर्षीय बच्चे को घर में सोते समय जहरीले सांप ने काट लिया। घटना के बाद बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे नागौर के जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 4 बजे रयान पुत्र मुराद तेली अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे काट लिया। सांप के काटने से बच्चा दर्द से रोने लगा, जिसकी आवाज सुनकर परिजन जाग गए। परिजनों ने तत्काल बच्चे को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचेरा पहुंचाया। यहां चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों ने बच्चे की जांच कर प्राथमिक उपचार शुरू किया। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल नागौर रेफर कर दिया। बच्चे का इलाज जारी है। इस घटना के बाद मोहल्ले में सांप के घरों में प्रवेश को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।