कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज किया। दीपके पर लातूर के एक सरकारी स्कूल में बिना परमीशन घुसने, सरकारी काम में रुकावट डालने और शिक्षकों को धमकाने का आरोप है। यह FIR औसा पुलिस स्टेशन में जिला परिषद उर्दू स्कूल की शिक्षिका सय्यद शमशादबानो खैरातअली की शिकायत पर दर्ज की गई। दीपके का लातूर जिले का दौरा उनके ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान का हिस्सा है। सीजेपी देशभर के सरकार स्कूलों का ऑडिट कर रही है। शिकायत में 2 आरोप; स्कूल को बदनाम किया, टीचर्स को धमकी दी पहला आरोप- बिना अनुमति स्कूल में घुसकर छात्रों से सवाल पूछे अभिजीत दिपके और उनके साथी बिना अनुमति स्कूल में घुस गए। वे छात्रों के बीच बैठ गए और उनसे कई सवाल पूछे। शिकायत में कहा गया है कि इससे पढ़ाई और सरकारी काम में रुकावट आई। CJP नेता ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। दूसरा आरोप- शिक्षकों को निलंबित कराने की धमकी दी दीपके ने स्कूल को बदनाम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके दौरे के दौरान दूसरे स्कूल के छात्रों को लाकर कक्षाओं में बैठाया गया था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्होंने शिक्षकों को निलंबित कराने की धमकी दी। 36 दिन तक जंतर-मंतर पर चला था CJP का प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP ने 20 जून से 25 जुलाई तक, लगातार 36 दिनों तक धरना दिया था। इस दौरान हजारों छात्र, अभिभावक और युवा आंदोलन में शामिल हुए। पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी प्रदर्शन में शामिल हुए और भूख हड़ताल पर बैठे। 20 जुलाई को CJP ने संसद मार्च निकाला। इस दौरान छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। 25 जुलाई को तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP ने धरना समाप्त करने की घोषणा की थी। ----------------- ये खबर भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी शुरू करेगी 'क्या बोलती पब्लिक' कैंपेन:अभिजीत दीपके गांव-शहरों में युवाओं से बात करेंगे; बेरोजगारी और महंगी शिक्षा होगी मुद्दा कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके सितंबर से देशभर में ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान शुरू करेंगे। दीपके ने गुरुवार को महाराष्ट्र के संभाजीनगर में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि हम गांव-शहर जाकर युवाओं से बात करेंगे। साथ ही, बेरोजगारी और महंगी शिक्षा को मुद्दा बनाएंगे। पढ़ें पूरी खबर…