झुंझुनूं गणेश पूजा महोत्सव मणि विहार समिति का चार दिवसीय महोत्सव सोमवार को शुरू हुआ। समिति के अविनाश पुरोहित ने बताया कि पुराना पोस्ट ऑफिस स्थित अखाड़े के बालाजी मंदिर परिसर से महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। डीजे के साथ शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कलश यात्रा आयोजन स्थल पहुंची। जहां पंडित पंकज महमिया के आचार्यत्व में मुख्य यजमान ने पूजा की। इधर, खेमी शक्ति रोड स्थित जमन वाटिका में भी दस दिवसीय महोत्सव के लिए मूर्ति स्थापित की गई। इससे पहले महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। बगड़ रोड स्थित नंदीशाला से गाजे बाजे के साथ रवाना हुई कलश यात्रा व भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल पहुंची। जहां पूजा के बाद मूर्ति स्थापित की गई। गणेश युवा मंडल की ओर से निकाली गई शोभायात्रा का शहर के विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन स्थल पर रोजाना सुबह व शाम 8:15 बजे आरती होगी। महोत्सव के अंतिम दिन 24 सितंबर को सुबह 9:15 बजे आरती के बाद विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी।