राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को डीडवाना की पुरानी पंचायत समिति परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने महात्मा गांधी को याद किया। सभी ने उनके सत्य, अहिंसा और शांति के संदेश को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माला और फूल चढ़ाकर हुई। इसके बाद कलाकारों ने गांधीजी के पसंदीदा भजन गाए। इनमें 'वैष्णव जन तो तेने कहिए' और 'रघुपति राघव राजाराम' जैसे भजन शामिल थे। इस दौरान लोगों ने गांधीजी के आदर्शों और सत्य-अहिंसा के रास्ते को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके विचार आज भी समाज और देश के लिए जरूरी हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर ही शांतिपूर्ण समाज बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार, उपखंड अधिकारी राजवीर यादव, नगर परिषद सभापति भंवरलाल पंवार समेत कई विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम लोग मौजूद थे।