बॉलीवुड एक्ट्रेस महिमा चौधरी जयपुर के मंदिरों में दर्शन करने के बाद मुंबई लौट गईं। उन्होंने काले हनुमानजी मंदिर में दर्शन कर नजर का धागा बांधा और धार्मिक आस्था का परिचय दिया। जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद महिमा का अलग अंदाज देखने को मिला, जहां वह अपना लगेज छोड़कर मीडिया से मिलने पहुंचीं और उनसे बातचीत की। महिमा चौधरी पिछले दो दिनों से जयपुर में ही थीं। वे शहर में एक प्राइवेट इंवेंट में शिरकत करने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने जयपुर की एक कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। महिमा इस कंपनी की ब्रांड एम्बेसेडर भी हैं। अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच उन्होंने जयपुर के धार्मिक और ऐतिहासिक माहौल से भी जुड़ने का समय निकाला और शहर के कुछ प्रमुख मंदिरों में दर्शन किए। जयपुर के प्रसिद्ध काले हनुमान मंदिर को लेकर उन्होंने पहले से काफी कुछ सुन रखा था, ऐसे में यहां दर्शन करने का अवसर मिलना उनके लिए खास अनुभव रहा। ‘जयपुर आना हमेशा खास रहा है’ सोमवार सुबह मुंबई के लिए रवाना होने से पहले जयपुर एयरपोर्ट पर महिमा चौधरी ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने जयपुर से अपने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि जयपुर आना उनके लिए हमेशा से ही खास रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार जयपुर आने के दौरान उन्हें शहर के मंदिरों में दर्शन करने का भी अवसर मिला। खास तौर पर काले हनुमानजी मंदिर के बारे में उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मंदिर के बारे में काफी कुछ सुना था और अब वहां जाकर दर्शन करने का मौका मिला। काले हनुमानजी मंदिर में नजर का धागा बांधने का उनका अंदाज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। महिमा ने मंदिर के माहौल की तारीफ करते हुए कहा कि यहां का माहौल ही अलग है। उनके लिए यह यात्रा सिर्फ एक प्रोफेशनल विजिट नहीं रही, बल्कि जयपुर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को करीब से महसूस करने का भी अवसर बनी। एयरपोर्ट पर दिखी महिमा की सादगी मुंबई रवाना होने के लिए जब महिमा चौधरी जयपुर एयरपोर्ट पहुंचीं तो वहां मौजूद मीडिया ने उन्हें देखा। मीडिया को देखते ही उन्होंने जिस अंदाज में प्रतिक्रिया दी, उसने वहां मौजूद सभी लोगों का ध्यान खींच लिया। महिमा अपना लगेज लेकर आगे बढ़ रही थीं, लेकिन जैसे ही उनकी नजर मीडिया पर पड़ी, उन्होंने अपना सामान बीच में ही छोड़ दिया और खुद मीडिया से बातचीत करने के लिए वापस आ गईं। उनका यह सहज अंदाज देखकर वहां मौजूद लोग भी काफी खुश नजर आए। बॉलीवुड की चमक-दमक के बीच महिमा का यह सादा और सहज व्यवहार सभी को पसंद आया। उन्होंने बिना किसी औपचारिकता के मीडिया से बातचीत की और जयपुर में बिताए अपने दो दिनों के अनुभव साझा किए।