महवा बालाहेड़ी कस्बे में गुरुवार को सर्पदंश से 12 वर्षीय नीरज सैनी की मौत हो गई। नीरज घर में सो रहा था, इसी दौरान सांप ने उसे काट लिया। परिजनों को घटना की जानकारी करीब दो घंटे बाद हुई। बेहोशी की हालत में परिजन उसे महवा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और सर्पदंश की पुष्टि की। नीरज की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जयपुर के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही नीरज ने दम तोड़ दिया। नीरज बालाहेड़ी निवासी बंटी सैनी का पुत्र था। वह दो भाइयों में छोटा था। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। महिला भी सर्पदंश के बाद अस्पताल में भर्ती इधर, सुल्तानपुरा निवासी मंजू देवी गुर्जर को भी सर्पदंश के बाद महवा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला का अस्पताल में उपचार जारी है। महवा जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. दिनेश मीणा ने बताया कि क्षेत्र में सर्पदंश के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अस्पताल में रोजाना औसतन करीब चार सर्पदंश के मामले सामने आ रहे हैं। मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल में अलग विंग बनाई गई है। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में महवा जिला अस्पताल में सर्पदंश के कुल 670 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।