मालगढ़ ग्राम सेवा सहकारी समिति से जुड़े किसानों ने समिति व्यवस्थापक पर उनके खातों से KCC ऋण की राशि निकलवाने के बावजूद भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ किसानों की राशि करीब 3 महीने से, जबकि कुछ का भुगतान 2-3 साल से लंबित है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि राशि मांगने पर व्यवस्थापक उन्हें टालता है और कथित रूप से धमकियां देता है। अंगूठा लगवाकर खातों से राशि निकालने का आरोप ग्रामीणों के मुताबिक, समिति व्यवस्थापक लक्ष्मणसिंह पुत्र इन्द्रराजसिंह राजपुरोहित निवासी नोरवा ने किसानों से अंगूठे लगवाकर उनके खातों से ऋण राशि निकलवाई। किसानों को 2 दिन में आहोर से राशि लाकर भुगतान करने का भरोसा दिया गया था, लेकिन करीब 3 महीने बाद भी उन्हें पैसे नहीं मिले। गेहूं देने के नाम पर भी अंगूठे लगवाने का आरोप किसानों ने आरोप लगाया कि कई अशिक्षित किसानों को गेहूं देने के नाम पर अंगूठे लगवाए गए और उनके खातों से राशि निकाल ली गई। इसकी जानकारी किसानों को बाद में हुई। ज्ञापन में गेहूं वितरण और समिति के अन्य लेन-देन में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद सौंपा ज्ञापन मामले को लेकर किसान और ग्रामीण मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। इसके बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने और किसानों के खातों से निकाली गई राशि का जल्द भुगतान कराने की मांग की।