बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री ममता कुलकर्णी शुक्रवार सुबह फ्लाइट से जयपुर पहुंचीं। जयपुर एयरपोर्ट पर राजस्थान फिल्म फेस्टिवल की संस्थापक संजना शर्मा ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से ममता सीधे होटल के लिए रवाना हुईं। जयपुर पहुंचने के बाद उन्होंने राजस्थान से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि यहां उनका फिल्मों के साथ काफी पुराना रिश्ता रहा है और उनकी चार फिल्मों की शूटिंग राजस्थान में हो चुकी है। उन्होंने बताया कि कई साल बाद एक बार फिर जयपुर आना उनके लिए खास अनुभव है। ममता कुलकर्णी शुक्रवार शाम राजस्थान फिल्म फेस्टिवल की ओर से आयोजित इंटर स्कूल-कॉलेज प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगी। इसके बाद वे इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड समारोह में भी शामिल होंगी, जहां देशभर से आए इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया जाएगा। वहीं शनिवार को आयोजित होने वाले राजस्थान फिल्म फेस्टिवल के मुख्य समारोह में ममता कुलकर्णी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। यहां देखिए ममता कुलकर्णी के फोटोज… चार फिल्मों की राजस्थान में हुई शूटिंग जयपुर पहुंचने के बाद ममता कुलकर्णी ने राजस्थान के साथ अपने पुराने फिल्मी जुड़ाव को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि राजस्थान उनके लिए केवल एक शूटिंग लोकेशन नहीं रहा, बल्कि उनकी फिल्मी यात्रा का भी अहम हिस्सा रहा है। उनकी चार फिल्मों की शूटिंग राजस्थान में हुई है। राजस्थान की हवेलियां, किले, रेगिस्तान और ऐतिहासिक लोकेशन लंबे समय से बॉलीवुड फिल्मों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे हैं। ममता के करियर में भी राजस्थान की इन लोकेशंस की यादें जुड़ी हुई हैं। कई साल बाद जयपुर आने पर उन्होंने अपने इस पुराने कनेक्शन को याद किया। 90 के दशक में बनाई खास पहचान ममता कुलकर्णी ने 1990 के दशक में बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘तिरंगा’ से की थी। इसके बाद ‘आशिक आवारा’, ‘करण अर्जुन’, ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’, ‘क्रांतिवीर’, ‘बाजी’, ‘नसीब’, ‘चाइना गेट’ सहित कई फिल्मों में काम किया। सलमान खान और शाहरुख खान जैसे बड़े सितारों के साथ भी ममता कुलकर्णी फिल्मों में नजर आईं। ‘करण अर्जुन’ में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। वहीं ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’ में उन्होंने अक्षय कुमार के साथ काम किया। ममता कुलकर्णी ने अलग-अलग तरह की फिल्मों में अभिनय किया और 90 के दशक में उनकी लोकप्रियता काफी बढ़ी। फिल्मों के साथ-साथ उनके ग्लैमरस अंदाज की भी चर्चा होती रही। हालांकि, बाद में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली और लंबे समय तक पर्दे से दूर रहीं।