प्रताप नगर स्थित श्री मंगल गणेश मंदिर देहलावास में गणेश महोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सोमवार को मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन हुए। भगवान गणेश के लिए चार पहर आरती और 56 भोग की भव्य झांकी सजाई गई। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। मंदिर परिसर दिनभर 'ॐ गं गणपतये नमः' के जयकारों से गूंजता रहा। भगवान गणेश को नई पोशाक धारण कराकर विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। 12 सितंबर से शुरू हुआ गणेश महोत्सव मंदिर के महंत चंद्रेश्वर शर्मा ने बताया कि गणेश महोत्सव की शुरुआत 12 सितंबर से हुई थी। पहले दिन ज्योति भण्डारोहण और संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया। वहीं, 13 सितंबर को गणपति पूजन, मेहंदी वितरण और 21 किलो दूध व पंचामृत से भगवान गणेश का विशेष अभिषेक किया गया। इसके साथ ही भगवान गणेश को आकर्षक पोशाक पहनाकर विशेष श्रृंगार किया गया और श्रृंगार आरती का भव्य आयोजन हुआ। चार पहर आरती और 56 भोग बना आकर्षण गणेश चतुर्थी के दिन मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। दिनभर धार्मिक आयोजनों के बीच चार पहर आरती और 56 भोग की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। भक्तों ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।