जोधपुर में अज्ञात साइबर ठगों ने नेट बैंकिंग के जरिए युवक के अकाउंट से 2.90 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम दिया। बैंक अकाउंट से बड़ी रकम निकलने का पता चलते ही पीड़ित मथानिया थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल मथानिया थाना पुलिस जांच में जुट गई है। तिंवरी निवासी मोहम्मद रमजान(27) ने थाने में दी गई रिपोर्ट में बताया कि 30 सितंबर को उसके बैंक खाते से ऑनलाइन तरीके से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 2 लाख 90 हजार 400 रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित के मुताबिक, उसने इस तरह के किसी लेन-देन की अनुमति नहीं दी थी। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस से की। एफआईआर दर्ज, जांच शुरू पीड़ित ने अज्ञात साइबर ठगों पर नेट बैंकिंग के माध्यम से उसके बैंक खाते में सेंध लगाकर रकम निकालने का आरोप लगाया है। प्रारंभिक तौर पर मामला ऑनलाइन बैंकिंग से जुड़ा होने के कारण पुलिस साइबर ठगी के तरीके और रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई, इसकी जानकारी जुटा रही है। पीड़ित की रिपोर्ट पर मथानिया थाने में आईटी एक्ट में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब बैंक खाते से हुए ट्रांजेक्शन, संबंधित खातों और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगों ने बैंकिंग संबंधी जानकारी किस तरीके से हासिल की और रकम निकालने के लिए किस माध्यम का इस्तेमाल किया।