पंचायतीराज चुनाव 2026 के सफल और सुचारू संचालन के लिए जिला कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी, सहप्रभारी शामिल हुए। चुनाव की तैयारियों, प्रकोष्ठवार काम, आगामी गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिले में पंचायतीराज आम चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। सभी जरूरी तैयारियां तय समय पर पूरी हों। रिटर्निंग अधिकारियों को मार्क कॉपी और वर्किंग कॉपी समय पर भिजवाने के निर्देश दिए। पोस्टल बैलेट से जुड़े काम पूरे करने के निर्देश दिए। अभिकर्ता के फॉर्म भरवाने के निर्देश दिए। चिन्मयी गोपाल ने कहा कि सभी अधिकारी राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करें। अक्षरशः पालन करें। आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करें। निर्वाचन काम में किसी स्तर पर लापरवाही न हो। आयोग को भेजी जाने वाली सभी रिपोर्ट तय समय पर भेजी जाएं। निर्वाचन से जुड़े आंकड़े नियमित रूप से अपडेट हों। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन के लिए बने सभी प्रकोष्ठ अपने दायित्व के अनुसार काम समय पर पूरे करें। मतदान दलों की रवानगी स्थल पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। नियंत्रण कक्ष लगातार सक्रिय रहे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर रविंद्र कुमार ने विकास अधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, चार्जिंग बैटरी सहित जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रिटर्निंग अधिकारियों को 3 हजार से अधिक मतदाताओं वाली ग्राम पंचायतों को चिह्नित कर सूचना भिजवाने के निर्देश दिए।