ब्यावर | अजमेर रोड स्थित अमर कुंज गार्डन में चल रहे मेगा ट्रेड फेयर में इन दिनों खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आगामी त्योहारों को देखते हुए मेले में विभिन्न उत्पादों पर विशेष छूट दी जा रही है। कई तरह के लुभावने ऑफर भी चल रहे हैं। क्रॉकरी, बेडशीट, रजाई, हैंडलूम की मांग ज्यादा है। दो की खरीद पर एक फ्री जैसे ऑफर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। मेला व्यवस्थापक हेमंत कुमार ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को एक ही छत के नीचे सभी तरह की सामग्री किफायती दामों पर उपलब्ध कराना है। मेले में देश के अन्य जिलों व राज्यों के चर्चित प्रोडक्ट्स भी उचित दर पर बिक्री के लिए हैं। यहां हैंडीक्राफ्ट आइटम, मिट्टी व चीनी मिट्टी के उत्पाद, फर्नीशिंग, सहारनपुर फर्नीचर, टेक्सटाइल, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, बैग्स, रेडीमेड कपड़े, वूलन आइटम्स, होम एप्लायंसेज, इलेक्ट्रिकल सामान, किचन वेयर, क्रॉकरी, स्टेशनरी, हर्बल, आयुर्वेदिक प्रोडक्ट्स, स्पोर्ट्स आइटम, पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स उपलब्ध हैं। मेला संयोजक प्रकाश शर्मा ने बताया, लोग खरीदारी के साथ मेले में खाने-पीने का आनंद ले रहे हैं। मनोरंजन भी कर रहे हैं। मेले के चटपटे चाट बाजार में बीकानेरी भुजिया, नमकीन, चिप्स, सौंफ, इलायची, पाचक चूर्ण की जमकर बिक्री हो रही है। बच्चों के लिए विशेष झूले लगाए गए हैं। फन जोन भी मुख्य आकर्षण बना हुआ है।